उधर, स्पीकर की ओर से इस एक दिवसीय सत्र के लिए कई पाबंदियों का एलान करते हुए विधानसभा परिसर और सदन में प्रवेश करने वाले सभी माननीयों और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए कोरोना टेस्ट कराना अनिवार्य कर दिया है। मौजूदा समय में राज्य सरकार के कई मंत्री और अधिकारी कोरोना पॉजिटिव होने के कारण एकांतवास में हैं। इसके कारण सदन में कई सीटें खाली दिखाई देंगी और कार्यवाही के दौरान गहमागहमी वाला नजारा इस बार नहीं दिखाई देगा।
सभी पत्रकारों का होगा कोरोना टेस्ट
कोविड-19 के मद्देनजर सभी सुरक्षा सावधानियों का पालन करते हुए पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह ने 15वीं विधानसभा के 12वें सत्र की प्रेस कवरेज के लिए पंजाब भवन सेक्टर-3 चंडीगढ़ को सदन का परिसर घोषित करने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया है। यह फैसला सोमवार को विधानसभा स्पीकर के नेतृत्व में हुई मीटिंग के दौरान लिया गया।
स्पीकर ने बताया कि सत्र की कवरेज करने वाले सभी पत्रकारों के लिए कोविड-19 टेस्ट कराना अनिवार्य है। पत्रकारों को टेस्ट करवाने की सुविधा देने के लिए पंजाब भवन सेक्टर-3 में 25-26 अगस्त को दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक विशेष कैंप लगाया जाएगा। केवल निगेटिव रिपोर्ट वाले पत्रकारों को ही पंजाब भवन में दाखिल होने की आज्ञा होगी।
मीटिंग के बाद पंजाब विधानसभा के प्रवक्ता ने बताया कि पंजाब भवन के हॉल के बाहर प्रत्येक टीवी चैनल के सिर्फ एक कैमरामैन और एक पत्रकार को कवरेज करने की आज्ञा होगी, जहां से सत्र का सीधा प्रसारण किया जाएगा। हॉल के भीतर कोई भी कैमरा/मोबाइल फोन ले जाने की आज्ञा नहीं होगी। पंजाब विधानसभा सदस्य पंजाब भवन के खुले क्षेत्र में प्रेस कॉन्फेंस कर सकते हैं। एक संस्था के सिर्फ एक पत्रकार को कवरेज करने की आज्ञा है।