चंडीगढ़। युवा कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार को पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर बेरोजगारी दिवस मनाया। युवाओं ने सेक्टर-17 में नीलम सिनेमा के सामने प्लाजा में स्टाल सजाकर पकौड़े और समोसे बेचे। बूट पॉलिस की। इस दौरान युवाओं और कार्यकर्ताओं ने गले में अपनी डिग्रियां डाल रखी थीं।
चंडीगढ़ युवा कांग्रेस के प्रधान मनोज लुबाना ने बताया कि पीएम मोदी के प्रधानमंत्री बने सात वर्ष से अधिक हो गए। उन्होंने हर साल दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन बेरोजगारी उससे ज्यादा बढ़ गई। सरकार को चाहिए कि वह युवाओं को रोजगार दे। पीएम बनने से पहले देश के युवाओं को सुनहरे सपने दिखाए। जब सपने साकार कराने की बात आई तो चुप्पी साध ली। देश की सार्वजनिक संपत्तियां बेची जा रही हैं। इसे लेकर युवा गुस्से में हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रतीकात्मक विरोध किया गया।
युवाओं का कहना है कि विद्यार्थी पिछड़े क्षेत्रों से कॉलेज की पढ़ाई करने आते हैं, लेकिन लाखों की फीस देने के बावजूद उन्हें 10 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी नहीं मिल पा रही है। कई युवा पीएचडी करने के बाद भी बेरोजगार होकर घूम रहे हैं।
इस मौके पर अभिषेक शैंकी, संदीप सिंह, नवदीप सिंह, आशीष, कमलप्रीत, हरजीत सिंह, जानू मलिक, करणबीर कन्नू, वकील खान के अलावा मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष रवि पराशर, धीरज गुप्ता, उमेश जप्पी, प्रताप राणा, दीपक लुबाना भी मौजूद रहे। वार्ड अध्यक्ष एकमजोत, राजदीप, रविंदर कुमार भी उपस्थित रहे।