चंडीगढ़। केंद्र सरकार के आदेश केबावजूद शहर के हेरिटेज फर्नीचर की विदेश में नीलामी जारी है। अब फ्रांस के पेरिस में 30 सितंबर को शहर के विरासती फर्नीचर की नीलामी होने जा रही है। इसमें यूटी सचिवालय की लाइब्रेरी कुर्सी, बेंच, टेबल आदि को नीलाम किया जाएगा, जिसकी अनुमानित कीमत 2.13 करोड़ से तीन करोड़ रुपये लगाई गई है। नीलामी को रोकने के लिए हेरिटेज प्रोटेक्शन सेल के सदस्य अजय जग्गा ने शिकायत दी है।
अजय जग्गा ने केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी, संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन आर मेघवाल, फ्रांस केसंस्कृति मंत्री रोजलीने बैचेलो समेत अन्य को शिकायत भेजकर नीलामी को रोकने की मांग की है। जग्गा ने बताया कि 2021 में अब तक कई देशों में 13 बार चंडीगढ़ का हेरिटेज फर्नीचर नीलाम हो चुका है।
शिकायत में जग्गा ने कहा कि हेरिटेज फर्नीचर की नीलामी को रोकने के साथ ही इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए कि आखिरकार देश से बाहर ये हेरिटेज फर्नीचर पहुंच कैसे रहा है। जो भी फर्नीचर की तस्करी में शामिल है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके अलावा यहां स्थानीय स्तर पर भी इसकी चोरी रोकने के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के समक्ष भी इस मुद्दे को उठाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन आइटम्स को देश से बाहर भेजने के लिए जो दस्तावेज इस्तेमाल किए गए, उनकी जांच होनी चाहिए। बता दें कि पिछले कुछ साल में शहर के करोड़ों रुपये के हेरिटेज फर्नीचर की यूएसए, यूके, फ्रांस व जर्मनी समेत अन्य देशों में नीलामी हो चुकी है।