चंडीगढ़। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के लिए अब सेक्टर-17 स्थित रजिस्टरिंग एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) के चक्कर नहीं काटने होंगे। विभाग जल्द ही एचएसआरपी के ऑनलाइन आवेदन की सुविधा देने जा रहा है। विभाग ने इस संबंध में तैयारी कर ली है।
आरएलए प्रद्युमन सिंह ने बताया कि इस सेवा को जल्द शुरू करने पर काम कर रहे हैं। सुविधा के शुरू होने के बाद लोगों को आरएलए के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे दफ्तर में भीड़ भी कम होगी। अभी वाहन चालकों को मैनुअली तरीके से एचएसआरपी के लिए आवेदन करना पड़ता है। वाहन के चेसी व इंजन नंबर की जानकारी के साथ आवेदन पत्र को जमा करवाना होता है। इसके बाद हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने की विभाग की ओर से तारीख दी जाती है। उस तारीख पर वाहन चालक को नंबर प्लेट लगवाना होता है। इसके लिए लोगों को कई बार विभाग के चक्कर काटने पड़ते हैं। इस परेशानी को खत्म करने के लिए प्रक्रिया ऑनलाइन की जा रही है।
पुराने वाहनों और विशेष नंबर वालों को भी होगी सुविधा
आरएलए ने डीलर एंड पर ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवानी शुरू कर दी है, इसलिए अब नए वाहन मालिक डीलर से एचएसआरपी लगवा लेते हैं, लेकिन जो लोग अपने नए वाहन के लिए विशेष नंबर लेते हैं, उन्हें आरएलए में आवेदन करना पड़ता है। हालांकि, इस सुविधा के बाद वह ऑनलाइन भी इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा पुराने सभी वाहनों पर भी एचएसआरपी अनिवार्य की हुई है, इसलिए सभी पुराने वाहनों के मालिकों को भी इस नई व्यवस्था से फायदा होगा। आरएलए ने ज्यादातर सेवाओं के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट की सुविधा दी है, लेकिन जो सेवाएं रह गई हैं, जिसे ऑनलाइन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।