चंडीगढ़। तोगा रोड स्थित गुरुनानक धर्मकांटा के पास पुलिस नाके को देखकर चालक वैगनआर कार छोड़ मौके से भाग निकला। कार से प्रतिबंधित खैर की 184 किलो लकड़ी बरामद हुई है। जांच में सामने आया कि खैर को हिमाचल प्रदेश से पंजाब में तस्करी के लिए लाया गया था। मलोया थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्जकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-19 स्थित वन विभाग के जतिंदर सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की वैगनआर कार में एक युवक प्रतिबंधित खैर की लकड़ी की तस्करी के लिए पहुंच रहा है। पुलिस ने टीम बनाकर तोगा रोड के गुरुनानक धर्मकांटा के पास नाकाबंदी कर दी। कार की तलाशी के दौरान अंदर से प्रतिबंधित खैर की लकड़ी के 10 पीस बरामद हुए, जिसका वजन 184 किलो था। पुलिस अब कार नंबर की मदद से आरोपी की तलाश कर रही है।