चंडीगढ़। शहर के कुछ मुख्य इलाकों केसंपर्क केंद्रों पर जल्द ही जीएमएसएच-16 का ओपीडी कार्ड बनवाने की सुविधा मिलेगी। इसके लिए स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने स्पिक को आदेश जारी कर दिए हैं। अभी ट्रायल के तौर पर सेक्टर-15 के संपर्क केंद्र में जीएमएसएच-16 केओपीडी कार्ड बनाए जा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि इससे अस्पतालों में ओपीडी कार्ड बनवाने के लिए लगने वाली भीड़ पर लगाम लगेगी।
10 सितंबर से सेक्टर-15 के संपर्क केंद्र में जीएमएसएच-16 केओपीडी कार्ड बनवाने की सुविधा शुरू की गई थी। विभाग ने देखा कि सुविधा का लाभ लेने वाले लोगों की संख्या काफी कम थी। जब हकीकत जानी तो पता चला कि लोगों को दो बार सफर करना पड़ रहा था। लोगों को धनास व अन्य जगहों से पहले सेक्टर-15 के संपर्क केंद्र में जाना पड़ रहा था और फिर उसके बाद जीएमएसएच-16 जाना पड़ रहा था, इसलिए लोग जीएमएसएच-16 की लाइन में लगना पसंद कर रहे थे। इस समस्या को समझते हुए ही स्वास्थ्य सचिव ने अस्पताल से पूछा कि वहां शहर के किन-किन इलाकों से मरीज पहुंचते हैं। इस पर उन्हें बताया गया कि जीएमएसएच-16 में सेक्टर-26 बापूधाम, नयागांव, धनास, मलोया, रामदरबार, मुल्लांपुर, खुड्डा लाहौरा, खुड्डाअलीशेर से सबसे ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं, इसलिए अब स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने फैसला किया है कि वह इन इलाकों के संपर्क केंद्र में ओपीडी कार्ड बनवाने की सुविधा शुरू करेंगे, ताकि लोग अपने घर के पास से ही कार्ड बनवा कर सीधे जीएमएसएच-16 पहुंचे। हालांकि नयागांव और मुल्लांपुर चंडीगढ़ में नहीं पड़ता है, इसलिए यहां से सबसे नजदीक चंडीगढ़ के इलाके में मौजूद संपर्क केंद्र में यह सुविधा दी जाएगी। यशपाल गर्ग ने कहा कि इसके लिए उन्होंने स्पिक को निर्देश दे दिए हैं और जल्द ही यह सुविधा इन इलाकों में शुरू हो जाएगी।