चंडीगढ़। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) सेक्टर-32 ने 18 साल से ज्यादा उम्र के 1200 लोगों पर किए सीरो सर्वे की रिपोर्ट जारी की है। सर्वे में 80 प्रतिशत वयस्कों में एंटीबॉडी मिला है।
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि वयस्कों में शहर की बजाय गांवों में कोरोना संक्रमण दर कम रही है। जुलाई 2021 में शुरू किए गए सर्वे में 30 अलग-अलग साइट शामिल की गई थी, जिसमें 16 सेक्टरों, 11 पुनर्वास कॉलोनियों और 3 गांवों के वयस्कों का नमूना लिया गया था।
सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार शहरी इलाके से लिए नमूनों में से 84.1 फीसदी, पुनर्वास कॉलोनी के 77.8 फीसदी और गांवों के 69 फीसदी वयस्कों में एंटीबॉडी पाई गई है। वहीं, सर्वे की ओवरऑल रिपोर्ट में 80.2 फीसदी नमूनों में एंटीबॉडीज पाया गया है।
बता दें कि इससे पहले पीजीआई ने शहर के बच्चों पर सीरो सर्वे कर उसकी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी थी। इसमें चंडीगढ़ के 2695 बच्चों को शामिल किया गया था। इनमें से 72.7 प्रतिशत बच्चों में एंटीबॉडी पाई गई थी। वहीं, सीरो सर्वे में शामिल सेक्टर के बच्चों के नमूनों में से 67 प्रतिशत, गांवों में 75 प्रतिशत और कॉलोनी एरिया में 76 प्रतिशत में एंटीबॉडीज मिला था।