चंडीगढ़। सेक्टर-51 निवासी एक शिक्षक के घर का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात के साथ शिक्षक रक्षाबंधन के मौके पर मोहाली स्थित अपनी बहन के घर गए थे। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में हरदीप सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-33 स्थित एक स्कूल में शिक्षक हैं। बीते 21 अगस्त को बहन से राखी बंधवाने के लिए मोहाली गए थे। देर शाम को वापस आए तो मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और कमरों में सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस बयान में हरदीप सिंह ने बताया कि उनके घर से चोर सोने की अंगूठियां, एक हीरे की अंगूठी, एक सोने का सेट, एक जोड़ी सोने की चूड़ी समेत अन्य कीमती सामान चोरी करके ले गए हैं। जांच के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान हो सके।