फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीमा गोयल हत्याकांड: भाई का दावा- हत्या में किसी अपने का हाथ, पुलिस बोली- खुलासा बहुत जल्द

Sun, 07 Nov 2021 12:42 AM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पुलिस की जांच में यह बात पूरी तरह साफ हो चुकी है कि यह हत्या लूट के मकसद से नहीं हुई। क्योंकि घर की अलमारी में रखे सारे गहने, दोनों कमरों में पड़े पर्स से न तो रुपये और ही गहने चोरी हुए हैं। 
विज्ञापन
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीयू में प्रोफेसर की पत्नी सीमा गोयल की हत्या से पर्दा अभी उठा नहीं कि उनके भाई ने नया खुलासा कर दिया। सीमा के भाई का कहना है कि उनकी बहन की हत्या में किसी करीबी का ही हाथ है। उसने यह भी बताया कि प्रोफेसर बीबी गोयल और सीमा में अक्सर झगड़ा होता था। 

विज्ञापन


सीमा गोयल के हत्यारे तक पहुंचने के लिए फूंक फूंककर कदम रख रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कई ऐसे झोल हैं, जो इसे पेचीदा बना रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि जिस दिन सीमा की हत्या हुई उससे एक दिन पहले यानि बुधवार दोपहर को उनका प्रोफेसर बीबी गोयल से झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े के कारण सीमा ने अपनी बेटी पारुल को उसकी दोस्त के घर भेज दिया था।

पारुल मुल्लांपुर स्थित आईएएस सोसाइटी में अपनी सहेली अंकिता के घर चली गई थी। बुधवार शाम करीब सात बजे बेटी ने सीमा को कॉल कर घर आने के लिए पूछा तो मां ने कहा कि घर का माहौल सही नहीं है। यहां मत आना। जब तक चंडीगढ़ रहना है, अपनी सहेली के घर ही रुक जाओ। 
विज्ञापन


उधर, पुलिस लगातार सीमा के पति प्रोफेसर बीबी गोयल से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने प्रोफेसर के दो लैपटॉप और मोबाइल कब्जे में लिए हैं। पता चला है कि प्रोफेसर के घर में नेपाल का परिवार काम करता था। कुछ महीने पहले इस परिवार से कुछ विवाद हो गया था, जिसके बाद वह काम छोड़कर चला गया था।

माली और नौकरों से की पूछताछ

सेक्टर-11 थाना पुलिस के थाना प्रभारी रणजोध सिंह ने प्रोफेसर बीबी गोयल के अलावा काम छोड़कर जा चुके नेपाली नौकरों से भी पूछताछ की है। पुलिस ने एक माली को भी पूछताछ के लिए बुलाया है। 

पोस्टमार्टम में खुलासा, सांस रुकने से हुई मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सीमा गोयल की मौत गला और मुंह दबाने से हुई। सिर पर किसी वस्तु से हमला किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार रात का खाना हजम हो जाने के बाद सीमा की हत्या की गई है। डॉक्टरों के अनुसार सीमा की हत्या रात में ही कर दी गई थी। और तथ्यों की जानकारी के लिए विसरा जांच के लिए भेजा गया है।

बेड का पाया हो रखा था टेढ़ा, बिखरे पड़े थे नोट
सूत्रों का दावा है कि सीमा गोयल के शव के पास 10, 100 और 500 रुपये के कुछ नोट बिखरे पड़े थे। जिस बेड पर वह सो रही थीं, वह सिंगल है। बेड का पाया भी मुड़ा हुआ था। एक शर्ट नीचे गिरी हुई थी। देखने से जाहिर था कि मरने से पहले सीमा ने हत्यारे से बचने के लिए काफी जद्दोजहद की। चादर और तकिये पर हल्का खून लगा था। आशंका है कि तकिये से सीमा का मुंह दबाया गया। 
 
विज्ञापन

सीमा के भाई का दावा: हत्या में किसी अपने का ही हाथ

सीमा गोयल के भाई दीप लुधियाना के एक अस्पताल में हेड टेक्नीशियन हैं। उन्होंने फोन पर बताया कि उनकी बहन और प्रोफेसर बीबी गोयल में अक्सर झगड़ा होता रहता था। दीप ने दावा किया कि उनकी बहन की हत्या में किसी करीबी का ही हाथ है। दीप का दावा है कि घर के बाहर से कोई भी व्यक्ति नहीं घुसा। 

हत्या के दिन प्रोफेसर ने बेटी को कई बार किया फोन 
पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रोफेसर ने दिवाली के दिन सुबह छह बजे से लेकर 10 बजे तक अपनी बेटी पारुल को कई बार कॉल की लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे बेटी को उसके मामा ने कॉल कर मां की हत्या की जानकारी दी। इसके बाद वह घर पहुंची। पता चला है कि पारुल ने देहरादून से एमबीबीएस किया है। एक साल सेक्टर -32 अस्पताल से इंटर्नशिप भी कर रखी है। अब कोलकाता में एमडी के लिए एडमिशन ले रखा है। 

दोनों जालियां गायब, मोबाइल लोकेशन घर की
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्यारे ने रसोई और दूसरे कमरे की जो जालियां काटी थीं, वह मौके से बरामद नहीं हुई हैं। पास ही लगे सीसीटीवी में घर में न तो कोई आता दिख रहा है और न जाता हुआ। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी भी खंगाल रही है। पुलिस को मौके से सीमा गोयल का मोबाइल भी नहीं मिला, जबकि उसकी आखिरी लोकेशन घर में ही आई है।
इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द आरोपी का पता लगा लिया जाएगा। - राम गोपाल, डीएसपी चंडीगढ़ पुलिस 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें