चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने फ्री होल्ड पर 34 व लीज होल्ड पर 33 आवासीय संपत्तियों और लीज होल्ड पर 149 व्यावसायिक संपत्तियों को बेचने के लिए ई-टेंडर किए थे। बुधवार को इनकी वित्तीय बोली खोली गई और सीएचबी कुल 12 संपत्तियों को बेचने में सफल रहा। इनमें आठ मकान और चार दुकान शामिल हैं। सबसे अधिक बोली सेक्टर-52 के एमआईजी फ्लैट के लिए 92.25 लाख की लगी, जबकि इसका आरक्षित मूल्य 90 लाख रुपये तय किया गया था। बता दें कि पिछले पांच महीने में 118 संपत्तियों को बेचकर सीएचबी ने कुल 88.23 करोड़ रुपये कमाए हैं।
सभी 12 संपत्तियों को बेचने के बाद सीएचबी को कुल आरक्षित मूल्य 6.66 करोड़ के मुकाबले 6.81 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। बोर्ड की ये संपत्तियां सेक्टर-49, 51, 63, 44 व मनीमाजरा में हैं। सबसे अधिक बोली लगाने वाले बोलीदाता को आठ सितंबर तक 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। अगर बोलीदाता द्वारा तय समय के अंदर इसका भुगतान नहीं किया जाता है तो बोर्ड की तरफ से ईएमडी (बयाना राशि) जब्त कर ली जाएगी और बोलीदाता को सीएचबी की किसी भी संपत्ति के लिए बोली लगाने से ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा।
बोर्ड ने यह साफ किया था कि 18 वर्ष से ऊपर देश के किसी भी राज्य में रहने वाला व्यक्ति इस ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया में भाग ले सकता है। मकान खरीदने के लिए एनआरआई भी बोली लगा सकते हैं। अब आगे बोर्ड की तरफ से बाकी बची संपत्तियों को भी ई-टेंडरिंग में रखा जाएगा। सीएचबी अपनी अन्य खाली पड़ी संपत्तियों का भी सर्वे करवा रहा है, जिनकी आने वाले दिनों में जल्द ही ई-टेंडरिंग की जाएगी। लीज होल्ड संपत्तियों को खरीदने में लोग अधिक रुचि नहीं दिखा रहे हैं, क्योंकि इस पर लोगों को ग्राउंड रेंट भी देना पड़ता है। यही कारण है कि बोर्ड को फ्री होल्ड संपत्तियों के लिए ही बेहतर प्रतिक्रिया की उम्मीद है।
इन संपत्तियों के लिए लगी सबसे ज्यादा बोली
आवासीय संपत्ति (फ्री होल्ड)
सेक्टर/वर्ग बोली
सेक्टर-51 एमआईजी 92.25 लाख
सेक्टर-63 टू बेडरुम 71.13 लाख
सेक्टर-49 वन बेडरुम 41 लाख
सेक्टर-63 ईडब्ल्यूएस 23.5 लाख
आवासीय संपत्ति (लीज होल्ड)
सेक्टर-44डी एमआईजी 53.41 लाख
व्यावसायिक संपत्ति (लीज होल्ड)
बूथ, मनीमाजरा 52.51 लाख
बूथ सेक्टर-49बी 56.50 लाख
इस साल कुल 118 संपत्तियों को बेचने में सफल रहा सीएचबी
--------------------------------------------------
फ्री होल्ड आवासीय संपत्ति
यूनिट बिके आरक्षित मूल्य बिक्री दाम
95 70.26 करोड़ 75.40 करोड़
लीज होल्ड आवासीय संपत्ति
यूनिट बिके आरक्षित मूल्य बिक्री दाम
9 5.61 करोड़ 5.42 करोड़
लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्ति
यूनिट बिके आरक्षित मूल्य बिक्री दाम
14 6.59 करोड़ 7.38 करोड़