पंचकूला। 80 साल के रिटायर्ड आर्मी कर्नल से 2.34 करोड़ की ठगी के मामले में दूसरा आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान हरजोत सिंह उर्फ समर लुधियाना के रूप हुई है।
जांच अधिकारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी हरजोत सिंह को 12 अगस्त को गिरफ्तार कर दो दिन के रिमांड पर लिया था। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम और लुधियाना में भी साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। इस मामले में अन्य गिरफ्तारियाें के लिए पुलिस पूछताछ के आधार पर दबिश दे रही है। इससे पहले पुलिस इस मामले में एक आरोपी गोविंद सिंह रंधावा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
क्या है मामला : 11 सितंबर 2024 को सेक्टर-2 निवासी आर्मी कर्नल जगवंत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक मैसेज आया, जिसमें शख्स ने खुद को एक शेयर मार्केट का कर्मचारी बताया और बातों में उलझाकर मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों पर कुल 2.34 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था।