मोरनी। कांग्रेस पार्टी की बैठक में शामिल होने के लिए मोरनी आ रहे कार्यकर्ताओं की कार में, ओवरहीटिंग के कारण आग लग गई। धू-धू कर कार जल गई। हालांकि, कार में सभी पांचों सवार सुरक्षित रूप से बाहर निकलने में सफल रहे। जिनमें चार महिलाएं और एक पुरुष शामिल थे।
यह घटना मोरनी पंचकुला मार्ग पर सिल्यों गांव के पास हुई। पांचों कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी की एक बैठक में शामिल होने के लिए, पिंजौर से मोरनी आ रहे थे। वे लोग डस्टर कंपनी की कार जिसका नंबर एचआर 14 जे 7944 है, में आ रहे थे।
सिल्यों गांव के पास कार का इंजन ओवरहीट हो गया, जिससे अचानक आग भड़क गई। आग लगने की जानकारी होते ही, गाड़ी में सवार पांचों लोग, जिनमें चार महिलाएं और कार चला रहा ड्राइवर तुरंत ही बाहर निकल आए। इससे किसी व्यक्ति को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की क्यूआरटी और होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस के जवान प्रदीप सिंह और होमगार्ड के जवान गुरविंदर सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कार को सुरक्षित स्थान पर हटाने के बाद, ट्रैफिक व्यवस्था को बहाल कराया।
घटना के बाद, स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए थे, लेकिन पुलिस और होमगार्ड के प्रयासों से स्थिति सामान्य हो गई। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।