पंचकूला। श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर में रक्तदान जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 91 श्रद्धालुओं ने रक्तदान किया। यह शिविर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला, महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी द्वारा श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड एवं जिला रेडक्रॉस सोसाइटी और अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन श्री शिव कांवड़ महासंघ के चीफ पैटर्न सुरेश कंबोज ने किया।
उन्होंने श्रद्धालुओं आह्वान किया कि वह इस नेक कार्य में उत्साह से भाग लें और एक स्वस्थ व्यक्ति का इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह स्वयं को रक्तदान के लिए तैयार रखें। हर स्वस्थ व्यक्ति को इसलिए भी रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि आजकल सभी अस्पतालों में रक्त एवं रक्त कंपोनेंट्स की बहुत कमी है। रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी जिंदगी की डोर रक्त की कमी से कमजोर पड़ जाती है और हमारी संस्था द्वारा लगभग हर रोज रक्तदान शिविर लगाकर रक्त कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाता है।
इस मौके पर श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के लक्ष्मन सिंह रावत, राजेंद्र कौशल, गुलशन कुमार, सतगुरु, अर्जुन व महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वहीं रक्तदाताओं को प्रशंसा पत्र, स्मृति चिह्न एवं बैज देकर प्रोत्साहित किया गया।