करीब नौ करोड़ रुपये की कथित टैक्स चोरी का मामला, सीजीएसटी ने तीन दिन की रिमांड पर लिया
अदालत ने तीन दिन की रिमांड पर भेजा, नेटवर्क और शेल कंपनियों की जांच में जुटी टीम
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) की इंफोर्समेंट विंग ने करीब नौ करोड़ रुपये की कथित फर्जी जीएसटी बिलिंग और टैक्स चोरी के मामले में स्क्रैप कारोबारी रुपिंदर सिंह छिकारा को गिरफ्तार किया है। आरोपी सेक्टर-21 का निवासी है। बुधवार रात उसे ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे तीन दिन की रिमांड पर सीजीएसटी टीम को सौंप दिया।
विभाग के अनुसार आरोपी पर फर्जी बिलों के माध्यम से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का गलत लाभ लेने और टैक्स चोरी करने का आरोप है। रिमांड के दौरान जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि कथित फर्जीवाड़ा कब से चल रहा था, इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही और फर्जी बिलों के आधार पर माल की सप्लाई कहां दिखाई गई।
सीजीएसटी अधिकारियों ने मौली स्थित स्क्रैप कारोबार से जुड़े दस्तावेज, बिलिंग रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। टीम कथित फर्जी बिलिंग नेटवर्क और उससे जुड़ी शेल कंपनियों की भी पड़ताल कर रही है। अधिकारियों के अनुसार मामले में अन्य कारोबारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हाल ही में विभाग ने पानीपत में भी फर्जी आईटीसी से जुड़े एक मामले में कार्रवाई की थी, जिसकी जांच अभी जारी है।