पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित सनसिटी सोसायटी के निवासियों ने बुधवार शाम साढ़े पांच बजे बिल्डर की मनमानी के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए जमकर हंगामा किया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर पुलिस अधिकारियों को पहुंचना पड़ा। पुलिस के अधिकारियों ने सोसायटी के निवासियों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि जब तक बिल्डर बढ़ाए गए मेंटेनेंस चार्ज को वापस नहीं लेगा, वे पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि आश्वासन के बाद लोग एक नंबर गेट से पीछे हटे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हरियाणा सरकार के नियमानुसर बिल्डर को प्रोजेक्ट तैयार करके हैंडओवर करना होता है लेकिन सनसिटी सोसायटी के बिल्डर ने नियमों को ठेंगा दिखाते हुए हैंडओवर नहीं किया। इसके अलावा वह 2016 से सोसायटी के लोगों से प्रतिमाह 1 रुपये 90 पैसे प्रति स्क्वायर फीट के हिसाब से मेंटेनेंस चार्ज वसूल रहा है। सोसायटी के लोग बिना किसी आपत्ति के प्रति तीन महीने में मेंटेनेंस चार्ज जमा करवा देते थे लेकिन जब 2019 में सोसायटी के लोगों ने बिल्डर के कारिंदों से हिसाब मांगा तो उन्होंने देने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, अब बिल्डर ने मेंटेनेंस चार्ज बढ़ाकर 2 रुपये 40 पैसे कर दिया जिसे सोसायटी के लोगों ने अदा करने से साफ मना कर दिया।
विरोध करने पर किसी की बिजली तो किसी का पानी बंद कर रहा बिल्डर
स्थानीय लोगों का आरोप है कि फैसले का विरोध करने पर बिल्डर के लोगों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। वह कभी किसी के फ्लैट का बिजली कनेक्शन काट देता तो कभी किसी की पानी सप्लाई बंद कर देता। इससे तंग आकर सोसायटी के करीब 50 लोगों ने बिल्डर के खिलाफ आवाज बुलंद करने का फैसला लिया।