संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा अटारी स्थित आईसीपी से लैंड पोर्ट अथाॅरिटी ऑफ इंडिया की ओर से मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में बीएसएफ, पंजाब पुलिस के जवानों के साथ-साथ आसपास के गांवों के युवकों और युवतियों ने भाग लिया।
मैराथन को एलपीएआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में शामिल प्रतिभागियों के हाथों में देश की शान तिरंगा झंडा लहराता दिखाई दिया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय अटारी सीमा पर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए और आवाजाही को पूरी तरह बंद रखा गया, ताकि धावकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
करीब पांच किलोमीटर लंबी इस दौड़ में प्रतिभागियों के उत्साह का नजारा देखने लायक था। दौड़ के दौरान एंबुलेंस की गाड़ियां धावकों के साथ चल रही थीं ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।
मैराथन में लड़कियों ने पुरुषों से आगे बढ़कर शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में आईसीपी, जेसीपी, कस्टम विभाग और बीएसएफ के खासा मुख्यालय के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने स्वयं भी दौड़ में भाग लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। एलपीएआई अटारी के प्रबंधक सूरज भान और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अव्वल आने वाले धावकों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाया। सूरज भान ने इस मौके पर आए हुए विशेष अतिथियों को भी सम्मानित किया।