पंचकूला। बहन के साथ रह रही नाबालिग के साथ उसके जीजा द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पिंजौर पुलिस ने जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल नाबालिग को नाना-नानी अपने साथ ले गए हैं। 1 जून को अंबाला चाइल्ड लाइन की तरफ से पंचकूला के डीसीपीओ, सीडब्ल्यूसी और पिंजौर थाना एसएचओ को ई-मेल भेजकर नाबालिग के साथ हुई घटना की जानकारी दी गई थी। अंबाला चाइल्ड लाइन की तरफ से पिंजौर एसएचओ को फोन कर मामले में कार्रवाई करने को कहा गया। पुलिस ने 3 जून को अंबाला चाइल्ड लाइन की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर लिया है।
नाबालिग के माता-पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी थी। उसके बाद से वह अपनी बहन और जीजा के साथ रहने लगी थी। 30 जून की रात उसके जीजा ने जबरदस्ती करने की कोशिश की। नाबालिग ने पुलिस को बताया कि पहले भी उसके साथ जीजा ने जबरदस्ती करने की कोशिश की थी, लेकिन उसके बावजूद वह चुप रही। नाबालिग 1 जून को पिंजौर के एनजीओ के संचालक के पास गई और उनसे मदद करने की गुहार लगाई। एनजीओ संचालक ने 1098 पर कॉल कर मामले की जानकारी अंबाला चाइल्ड लाइन को दी। इसके बाद अंबाला चाइल्ड लाइन की तरफ से मामले की सूचना ई-मेल के माध्यम से सीडब्ल्यूसी पंचकूला, डीसीपीओ पंचकूला और एसएचओ पिंजौर को दी गई।
1 जून को मिली थी शिकायत
अंबाला चाइल्ड लाइन को-आर्डिनेटर अजय तिवारी ने बताया कि 1 जून को पिंजौर के एक एनजीओ संचालक ने 1098 पर कॉल कर नाबालिग के साथ हुई घटना की पूरी जानकारी दी। उसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पंचकूला सीडब्ल्यूसी, पंचकूला डीसीपीओ और पिंजौर थाना एसएचओ को दी। दो दिन के फॉलोअप के बाद पुलिस ने आरोपी जीजा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और उसके बाद नाबालिग के 164 के बयान हुए हैं।