फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शहर के सेक्टरों में सरकार के विरोध में लगते रहे नारे, मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी, कोरोना योद्धा, आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर और डिप्लोमा वेटरनरी एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। शहर में सोमवार का दिन धरना और प्रदर्शनों के नाम रहा। अलग-अलग विभागों के कर्मचारी प्रदेशभर से यहां प्रदर्शन करने पहुंचे थे। खासकर सेक्टर-5, सेक्टर-6, सेक्टर-3, सेक्टर-2 और सेक्टर-14 में कर्मचारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन करने वालों में डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले कर्मचारी, कोरोना योद्धा, आंगनबाड़ी वर्कर व हेल्पर और डिप्लोमा वेटरनरी एसोसिएशन के कर्मचारी शामिल रहे। दिनभर धरने-प्रदर्शन होने के कारण पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह से उलझे रहे और संबंधित विभागों में कामकाज भी इससे प्रभावित हुआ।
विज्ञापन

शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाले सफाई कर्मचारी रोजगार की मांग को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। प्रधान मंजू कुमार ने बताया कि सोमवार को वे मेयर कुलभूषण गोयल का घेराव करने धरनास्थल से रवाना हुए थे। रास्ते में पुलिस ने उनको रोककर हिरासत में ले लिया और उन्हें नगर निगम कार्यालय के बाहर छोड़ दिया। वहां सफाईकर्मियों ने सरकार और नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद उन्होंने नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा। मंजू कुमार ने बताया कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं की जाती है तो वीरवार को विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के जनता दरबार का विरोध किया जाएगा।
वीएलडीए यूनियन ने किया महानिदेशक पशुपालन के कार्यालय का घेराव
सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित डिप्लोमा वेटरनरी एसोसिएशन ने वीएलडीए कर्मचारियों की मांगों को लेकर पशुपालन विभाग के महानिदेशक कार्यालय का घेराव किया। कर्मचारी जींद से पैदल चलकर पंचकूला पशुधन भवन पहुंचे थे। यूनियन के राज्य प्रधान बिजेंद्र सिंह बैनीवाल, महासचिव रामफल रोहड़, कोषाध्यक्ष नरेंद्र सांगवान, वरिष्ठ उप प्रधान शील सांगवान, उप महासचिव बिजेंद्र जांगड़ा ने बताया कि इस दौरान पैदल जत्थों द्वारा सैकड़ों गांवों में हजारों पशुपालकों के साथ संगोष्ठियां कर उनसे समर्थन एवं सहयोग की मांग की।
विज्ञापन

यूनियन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पशुधन विकास बोर्ड के अधिकारियों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और दुर्व्यवहार किया इससे कर्मचारियों में कड़ा रोष व्याप्त है। यूनियन ने मांग की है कि शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार और हाथापाई करने वाले पशुधन विकास बोर्ड के अधिकारी को बर्खास्त कर गिरफ्तार किया जाए। राज्य स्तरीय प्रदर्शन में यूनियन के पूर्व राज्य प्रधान जयभगवान शर्मा, राकेश, पूर्व महासचिव राजबेल देशवाल, दिलबाग कैथल व यूनियन के सभी जिलों के प्रधान, सचिव व केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बहाली की मांग को लेकर गरजी आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर
प्रदेशभर से पहुंची सैकड़ों आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स ने निदेशक आईसीडीएस कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बर्खास्त आंगनबाड़ी वर्कर्स और हेल्पर्स को तुरंत बहाल करने की मांग की। आंदोलन के दौरान का मानदेय जारी करने और मुकदमे वापस करने की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता रूपा राणा और पुष्पा दलाल ने की।
संचालन शकुंतला और कृष्णा ने किया। इनके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष उषा रानी, सीटू प्रदेश महासचिव जय भगवान, राज्य सचिव विरेंद्र मलिक, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश महासचिव सतीश सेठी, एआईयूटीयूसी के राज्य उपाध्यक्ष ईश्वर राठी, संयुक्त कर्मचारी मंच के महासचिव सूबे सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। रूपा राणा और पुष्पा दलाल ने कहा कि सरकार और विभाग द्वारा तीन महीने बाद भी बर्खास्त आंगनबाड़ी कर्मियों को बहाल नहीं किया गया है। हड़ताली कर्मियों के मानदेय में 75 प्रतिशत की कटौती की गई है और पुलिस केस भी दर्ज किए गए हैं। यह 48000 आंगनबाड़ी कर्मियों के साथ विश्वाशघात और धोखा है।
व्यवस्थाओं में उलझी रही पुलिस और प्रशासन
शहर में एक साथ चार बड़े धरने-प्रदर्शन होने के कारण सोमवार को शहर की सारी पुलिस फोर्स धरना-प्रदर्शनों में उलझी रही। पुलिस की खुफिया शाखा और सीआईडी भी दिनभर प्रदर्शनकारियों की संख्या और उनकी एक्टिविटी की जानकारी आला अधिकारियों को देती रही। वहीं विभागों के बाहर धरने-प्रदर्शन होने के कारण दिनभर काम भी प्रभावित रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें