पंचकूला। विश्वास फाउंडेशन, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड और इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी जिला शाखा पंचकूला ने रविवार को माता मनसा देवी परिसर में भैरों मंदिर के सामने अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से रक्तदान शिविर लगाया। शिविर में मास्क, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन का खास ध्यान रखा गया।
शिविर में 54 लोगों ने रक्तदान किया। विश्वास फाउंडेशन की महासचिव साध्वी नीलिमा विश्वास ने बताया कि ब्लड बैंक पंचकूला वेलफेयर ट्रस्ट की टीम ने डॉक्टर श्रुति सिंगला की देखरेख में रक्त एकत्रित किया। शिविर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चला। लोगों में यह भ्रम है कि रक्तदान करने से शरीर में कमजोरी आती है। रक्तदान के कारण कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि सभी को 90 दिन में एक बार अवश्य ही रक्तदान करना चाहिए।
इससे जरूरतमंदों को मदद मिलती है साथ ही शरीर स्वस्थ रहता है। रक्तदान जैसा पुनीत काम सबसे बड़ी सेवा में आता है। रक्तदान शिविर में सभी रक्तदानियों को प्रशंसा पत्र, मास्क, साबुन, स्मृति चिह्न और गिफ्ट देकर प्रोत्साहित किया गया। इस मौके पर विश्वास फाउंडेशन से श्याम सुंदर साहनी, सविता साहनी, अविनाश शर्मा, वर्षा शर्मा, शत्रुघ्न कुमार, नीरज यादव, विशाल कुंवर व अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।