भाजपा मुख्यालय में आयोजित भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की बैठक को संबोधित करते प्रदेश अध्यक्ष भाजप
- फोटो : BUREAU
भारतीय जनता पार्टी, पंजाब की ओर से भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा और भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों पर पदाधिकारियों ने चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि जल्द ही कैप्टन सरकार के कार्यकाल में खराब हो रही प्रदेश की कानून व्यवस्था के खिलाफ व्यापक अभियान भाजपा चलाएगी।
भाजपा मुख्यालय में शनिवार को महिला मोर्चा की कार्यकारिणी बैठक की मोना जैसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। दूसरी ओर भाजपा प्रदेश युवा मोर्चा की कार्यकारिणी की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष भानू प्रताप ने की। दोनों कार्यकारिणी में गत वर्ष की संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा कर समीक्षा की गई। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव मैदान में डटने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा इस पहली बार अपने दम पर प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसके लिए हर कार्यकर्ता का सहयोग आवश्यक है। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के शासनकाल में पंजाब में हर तरफ गैंगस्टरों और माफिया का बोलबाला है। मुख्यमंत्री अपने विधायक की रक्षा नहीं कर सकता, वो प्रदेश की जनता की रक्षा क्या खाक करेगा। शर्मा ने कहा कि जनता अपनी आजादी तथा शांतिमय जीवन के लिए भाजपा को पंजाब के भविष्य के रूप में देख रही है।