61 गेंदों पर 104 रन बनाए, 22 नवंबर को होंगे सेमीफाइनल मुकाबले
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। 28वें एमजी कप अंतर बैंक प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में बैंक ऑफ इंडिया ने कप्तान रमेश चौहान के शानदार शतक की बदौलत केनरा बैंक को 11 रन से हरा दिया। ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में रमेश ने 61 गेंदों पर 104 रन की पारी खेली। इसमें 11 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंक ऑफ इंडिया ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट पर 197 रन बनाए। रमेश ने रवनीत सिंह के साथ 105 रन की साझेदारी की। रवनीत ने 43 और दविंदर सिंह ने 30 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केनरा बैंक की टीम ने 36 रन पर चार विकेट गंवा दिए। अमनदीप अरोड़ा ने 45 गेंदों पर 73 रन और सापन शर्मा ने 44 रन बनाकर टीम को संभालने का प्रयास किया, लेकिन पूरी टीम 186 रन पर ऑलआउट हो गई। दविंदर सिंह छोकर ने तीन विकेट लिए। अमनदीप को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया।
22 नवंबर को होंगे सेमीफाइनल
लीग चरण के समापन के बाद 22 नवंबर को पंजाब एंड सिंध बैंक का मुकाबला यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से होगा, जबकि बैंक ऑफ इंडिया की टीम आरबीआई से भिड़ेगी। टूर्नामेंट का फाइनल 29 नवंबर को ताऊ देवी लाल स्टेडियम में खेला जाएगा। आयोजन एमजी ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रायोजन में हो रहा है।