स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर भी लगाया, हिमांशु ने 127वीं बार किया रक्तदान
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। विवेकानंद मानव सेवा सोसायटी, कालका-पिंजौर की ओर से गीता भवन में 30वें रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सोसायटी के पूर्व प्रधान स्वर्गीय शंभु दयाल चौधरी को समर्पित रहा। इसमें 124 लोगों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 106 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। रक्त संग्रह रोटरी ब्लड बैंक सोसायटी, सेक्टर-37, चंडीगढ़ की टीम ने किया।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. चेतन वर्मा ने 40 लोगों की जांच कर उन्हें निशुल्क परामर्श और दवाइयां दीं। टीम जॉयफुल लिविंग ने बॉडी चेकअप किया, जबकि आई हेट पॉलीथिन संस्था ने कपड़े के थैलों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया।
सोसायटी के चीफ एडवाइजर हिमांशु खौंसला ने 127वीं बार रक्तदान किया। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पवन कुमारी ने भी शिरकत कर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पीयूष पुंज, डॉ. अजय वर्मा, नरेंद्र गुप्ता, रोहित पुंज, आचार्य सुनील दत्त गौतम और धर्मेंद्र शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।