उधर, अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद एसआईटी की सात टीमें पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी की तलाश में जुट गई हैं। पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली समेत अन्य राज्यों में टीमें रवाना की गई हैं। हर उस ठिकाने पर दबिश जारी है, जहां सैनी के होने की उम्मीद है। हालांकि अभी पूर्व डीजीपी का सुराग नहीं मिला है। मोहाली के मटौर थाने में बुधवार को दिन भर एसआईटी अधिकारियों की गतिविधियां बनी रहीं।
बता दें कि मंगलवार को ही जिला अदालत ने पूर्व डीजीपी सैनी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा था कि जघन्य अपराध में उनसे पूछताछ जरूरी है। हालांकि पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी के पास अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में अपील का रास्ता खुला है। याद दिला दें कि पूर्व डीजीपी की मुश्किलों की वजह बन चुका यह मामला 29 साल पुराना है। पूर्व आईएएस के बेटे बलवंत सिंह मुल्तानी के अपहरण और हत्या के मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व डीजीपी सैनी की तलाश एसआईटी को है।