पंचकूला। जिला पुलिस ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक के नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष अभियान चलाया। यातायात पुलिस की टीम ने बुुधवार को भवन विद्यालय और लिटिल फ्लावर कान्वेंट स्कूल में स्कूल बस चालकों और परिचालकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी। बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष निर्देश भी जारी किए। यह अभियान पंचकूला पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा के निर्देश पर शुरू किया गया है।
सेक्टर-15 स्थित भवन विद्यालय में पहुंचे एसीपी ट्रैफिक राजकुमार रंगा ने बच्चों को भी सुरक्षित रहने के तरीके बताए। उन्होंने बताया कि जब भी सड़क पार करें तो पहले दोनों तरफ देखें। अगर कोई वाहन आ रहा हो तो उसके गुजरने का इंतजार करें और सड़क खाली होने के बाद ही पार करें। इसके बाद उन्होंने स्कूल के शिक्षकों, वैन ड्राइवर और कंडक्टरों को रोड सेफ्टी के बारे में जानकारी दी। भवन विद्यालय के बाद पुलिस टीम सेक्टर-14 स्थित लिटिल फ्लावर कान्वेंट स्कूल भी पहुंची।
एसीपी ट्रैफिक राजकुमार रंगा ने कहा कि बच्चे मस्ती में रहते हैं। वे सड़क पार करते समय लापरवाही बरतते हैं, जिससे कई बार हादसा हो जाता है। वहीं कई बाद यह भी देखने में आया है कि स्कूली वाहनों के चालक भी यातायात के नियमों का पालन नहीं करते हैं। इस समस्या से निजात पाने के लिए पुलिस द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है।
अभी समझा रहे हैं, बाद में सख्ती करेंगे
एसीपी राजकुमार रंगा ने कहा कि अभी स्कूली वाहनों के चालकों और परिचालकों को समझाया जा रहा है। अगर उसके बाद भी वे यातायात नियमों के प्रति गंभीर नहीं रहते हैं तो उसके खिलाफ सख्ती की जाएगी। अब जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, बाद में जांच अभियान चलाया जाएगा। एसीपी ने बताया कि छुट्टी के समय स्कूलों के बाहर पुलिस टीम तैनात की जाएगी। सभी स्कूलों की बसों की जांच भी पुलिस द्वारा की जाएगी। अगर बसों में कोई कमी पाई जाती है, तो भी स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।