कालका। कालका में लावारिस पशुओं की भरमार से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ये लावारिस पशु लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन लापरवाह बना हुआ है।
भारत नगर, टगरा कली राम, टगरा हरी सिंह में लावारिस पशुओं ने आतंक मचा रखा है। इसके चलते आए दिन कोई न कोई हादसा हो रहा है। सोमवार को भी टगरा हरी सिंह रोड पर एक सांड ने युवक पर हमला कर दिया। इसमें युवक बुरी तरह घायल हो गया। स्थानीय निवासी दीपक ने बताया कि रविवार को गुग्गा माड़ी पर माथा टेकने जा रही एक महिला के पीछे सांड पड़ गया, वहीं महिला ने जैसे-तैसे किसी के घर में घुसकर अंदर से गेट लगा अपनी जान बचाई। गत दिन पहले भी एक सांड ने टगरा कली राम के समीप एक वृद्ध पर हमला कर दिया था। इससे वह बेहोश हो गए थे।
रिटायर्ड हेड मास्टर रघबीर सिंह ने बताया कि वह रोजाना सैर पर जाते हैं, गत दिनों पहले जब वह सैर कर के वापस घर लौट रहे थे तब टगरा कली राम के समीप पीछे की ओर से एक सांड ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें वह सड़क पर बेसुध होकर गिर गए। पूर्व पार्षद कुलविन्द्र सिंह शंटी ने कहा कि इस बारे में नगर परिषद के अधिकारियों को भी अवगत करवाया, लेकिन अभी भी उक्त एरिया में लावारिस पशु घूम रहे हैं।
पहले भी कई मामले आ चुके हैं सामने
बता दें कि बीते माह भी टगरा हरि सिंह में एक वृद्ध लज्जा राम शाम के समय घर का कुछ सामान लेने के लिए बाजार जा रहा था तब एक सांड ने पीछे से उन्हें सड़क पर पटक दिया, जिसमें वह घायल हो गए। इसके बाद उन्हें कालका एसडीएच ले जाया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद सेक्टर छह पंचकूला रेफर कर दिया गया। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया। इस दौरान उनके सिर पर पांच टांके आए थे।
स्पेशल ड्राइव चलाई जाए
समाज सेवी शाम लाल टगरा ने कहा कि प्रशासन को इस ओर कड़ा संज्ञान लेना चाहिए। प्रशासन और कितने हादसों का इंतजार कर रहा है। उन्होंने मांग की जनहित को देखते हुए शहरों व गांवों में स्पेशल ड्राइव चलाकर लावारिस पशुओं से निजात दिलाई जाए।
कोट...
लावारिस पशुओं को पकड़ने वाले वाहन को लेकर भी बात चल रही है। लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए जल्द ही टेंडर लगवा दिया जाएगा और शहरवासियों को समस्या से निजात दिलवा दी जाएगी।
- सुनील दत्त कोशिक, चीफ सेनेटरी, इंस्पेक्टर