पंचकूला। विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता का कहना है कि कोई भी गोवंश सड़कों पर लावारिस ना घूमे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। गांव कोट में नगर निगम द्वारा आठ एकड़ भूमि पर नंदीशाला का निर्माण किया जा रहा है। गांव रिहोड़ में एक नई गोशाला का निर्माण प्रगति पर है। विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता रविवार को गांव सुखदर्शनपुर में माधव गोशाला ट्रस्ट और श्रीकृष्ण कृपा परिवार द्वारा आयोजित गोपाष्टमी उत्सव में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस गोशाला को स्थापित हुए केवल 10 माह हुए हैं, यहां लगभग 700 गोवंश की सेवा की जा रही है। इस मौके पर हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग और नगर निगम महापौर कुलभूषण गोयल भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व गोशाला में ध्वजारोहण किया गया और गो पूजन कर गोमाता को चारा खिलाया गया।
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने बताया कि गाय को हमारे समाज में माता का दर्जा दिया गया हैं परंतु गाय बेसहारा सड़कों पर घूमे, यह हमारे समाज के लिए एक दुख की बात है। उन्होंने कहा कि जख्मी गायों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए गांव सुखदर्शनपुर में स्थित डॉग वेलनेस सेंटर के भवन में पशु अस्पताल शुरू करने का निर्णय लिया गया है जो शीघ्र ही काम करना शुरू कर देगा। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के शुरू होने के बाद जख्मी गायों को यहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी। इस मौके पर हरियाणा गोसेवा आयोग के सचिव डॉ. चितरन कादयान, गेल की पूर्व निदेशक बंतो कटारिया, संपूर्णानंद महाराज, साध्वी अमृता देवी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामलाल बंसल, माधव गोशाला ट्रस्ट सुखदर्शनपुर पंचकूला के चेयरमैन कैलाश मित्तल, अध्यक्ष तेजपाल गुप्ता, महामंत्री वीरेंद्र गर्ग, कोषाध्यक्ष जीवन जिंदल, अमित जिंदल, कुसुम गुप्ता, सुरेंद्र सिंगला, मेघराज, हरीश काकू, अजय गर्ग, अशोक कुमार, मदन लाल जिंदल व भारी संख्या में गो भक्त उपस्थित रहे।