अमृतसर। पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी की शनिवार की रात फतेहगढ़ चूड़ियां बाईपास इलाके में हुई शक्ति प्रदर्शन रैली के दौरान स्टेज पर पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल पर स्टेज पर जूता फेंकने वाले को सदर पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस दौरान यह युवक बार-बार बोल रहा था कि यह सब झूठे हैं जो पंजाब को लूट लूटकर खा रहे हैं। इस संबंध में जब एसीपी नार्थ सरबजीत सिंह बाजवा से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे बाहर हैं और इस बारे में एसएचओ सदर से बात कर लें।
गौर हो कि अनिल जोशी की अपने हलके में बीती रात आयोजित पहली शक्ति प्रदर्शन रैली में सुखबीर बादल सहित शिरोमणि अकाली दल के कई नेता पहुंचे थे। जीटी रोड स्थित पंजपीर गली नंबर 6 में रहने वाला सौदागर सिंह भी इस रैली में शामिल होने पहुंचा था। सौदागर सिंह ने यह जूता तब स्टेज की तरफ फेंका जब सुखबीर बादल का भाषण खत्म होने वाला था। हालांकि स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक ने यह जूता किसे टारगेट करके स्टेज की ओर फेंका था।
इस दौरान यह युवक जोर-जोर से बोल रहा था कि ये सब झूठे हैं और पंजाब को लूटकर खा रहे हैं। इस संबंध में जब एसएचओ सदर परवीन कुमार से बात की तो उन्होंने जूता फेंके जाने वाली बात को गलत बताते हुए कहा कि रैली के दौरान शोर-शराबा करने पर धारा 107 / 151 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी सौदागर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की पुष्टि एसएचओ सदर ने की है।