विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश का अवसर, ऑनलाइन और संस्थान में जाकर भर सकते हैं आवेदन
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सेक्टर-14 में सत्र 2025-26 के लिए दाखिला प्रक्रिया 15 जून तक बढ़ा दी गई है। संस्थान में विभिन्न ट्रेडों की कुल 456 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
आईटीआई के प्राचार्य मंदीप सिंह ने बताया कि दाखिले के लिए विभाग का ऑनलाइन पोर्टल 1 जून से खुल चुका है। अभ्यर्थी 15 जून तक आवेदन कर सकते हैं। दाखिला प्रक्रिया, दिशा-निर्देश, संस्थानों की सूची और संस्थानवार सीटों की जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। विभिन्न चरणों की मेरिट सूची और सीट आवंटन संबंधी जानकारी भी समय-समय पर वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी संस्थान में आकर भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग की वेबसाइट पर स्वयं भी ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है।
संस्थान में कंप्यूटर एडेड एम्ब्रॉयडरी एंड डिजाइनिंग की 48, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (एनसीवीटी) की 48, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (एससीवीटी) की 24, कॉस्मेटोलॉजी (एनसीवीटी) की 24, इलेक्ट्रीशियन की 20, पेंटर जनरल की 20, प्लंबर की 48, स्टेनोग्राफर एंड सेक्रेटेरियल असिस्टेंट (अंग्रेजी) की 48, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग टेक्नीशियन की 24, सिलाई टेक्नोलॉजी की 40, कैटरिंग एंड हॉस्पिटैलिटी असिस्टेंट (ड्यूल डीएसटी) की 40, फूड प्रोडक्शन जनरल (ड्यूल) की 40, फूड प्रोडक्शन जनरल (ड्यूल डीएसटी) की 48 तथा कॉस्मेटोलॉजी (डीएसटी) की 24 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे।
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, निवास प्रमाण पत्र, आरक्षण या जाति प्रमाण पत्र, पिताविहीन अथवा अनाथ प्रमाण पत्र, विधवा या विधवा की संतान संबंधी प्रमाण पत्र, पूर्व सैनिक या आश्रित प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक और पासपोर्ट साइज फोटो अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन शुल्क जमा करने के लिए डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या अन्य डिजिटल भुगतान सुविधा का उपयोग किया जा सकता है।