पंचकूला। सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए में पहली से नौवीं कक्षा तक के बच्चों के दाखिले से पूर्व सबके सामने ड्रा नहीं निकालने पर अभिभावकों ने स्कूल के सामने एकत्रित होकर वीरवार को नाराजगी प्रकट की। अभिभावकों ने पुलिस को भी मामले की शिकायत दी है। नाराज लोगों ने एडमिशन पारदर्शी तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल में एडमिशन के लिए निकाले गए ड्रा में भेदभाव किया गया है। सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए में एडमिशन के लिए अभिभावकों के सामने ड्रा नहीं निकाला गया। इसे लेकर अभिभावकों ने रोष प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने बताया कि उन्हें एडमिशन के लिए होने वाले ड्रा की जानकारी तक नहीं दी गई। इसी कारण उनके बच्चों केे एडमिशन भी नहीं हो पाया है।
इसे लेकर अभिभावकों ने सार्थक स्कूल के सामने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के दफ्तर के चक्कर भी काटे। इसके बाद भी इनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए के सामने अभिभावक राकेश कुमार, लोकेश सिंह, कृष्णानंद , दीपेंदर रतूड़ी, रजनी बाला ने बताया कि उनके बच्चों का एडमिशन नहीं हुआ है। उन्होंने एडमिशन के लिए स्कूल में फार्म अप्लाई किया। इसके बाद ड्रा का आयोजन उनके सामने नहीं किया गया। एडमिशन वाले टेस्ट के लिए बच्चों को नहीं बुलाया गया। मनमाने तरीके से स्कूल प्रबंधन ने एडमिशन किया है। एडमिशन किए जाने के बाद जब अभिभावक स्कूल जानकारी के लिए गए तो उनके साथ स्कूल के शिक्षकों और प्रिंसिपल द्वारा अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। अभिभावक राकेश कुमार ने बताया कि आठवीं कक्षा में एडमिशन के लिए गए थे। इसके बाद उनके बच्चे के फार्म की कोई जानकारी नहीं दी गई है।
स्कूल प्रबंधन की तरफ से ड्रा निकाल कर एडमिशन किया गया है। इसके लिए स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सामने ड्रा निकाला है। वहीं इसकी रिकार्डिंग भी कराई गई है। अभिभावकों की तरफ से लगाए आरोप बेबुनियाद हैं। पवन गुप्ता, प्रिंसिपल, सार्थक सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर-12ए