पंचकूला। शहर में सोमवार को सुबह नौ बजे से बारिश हुई। एक घंटे की हुई बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। बारिश के बाद कई जगह पर पानी भर गया। सीवर जाम होने से लोगों को दिक्कत हुई। रोड गली जाम की सफाई न होने के कारण पानी सड़कों पर भर गया। यह हालात पंचकूला के औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और 2 में बने।
पंचकूला मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी ( पीएमडीए) की ओर से नालों की सफाई के दावे किए गए हैं लेकिन औद्योगिक क्षेत्र, अभयपुर सहित कई जगह पर सफाई नहीं होने से सड़कों पर पानी भर गया। इसके साथ ही अन्य सेक्टरों मेंं कई जगह पर रोड गली जाम है। इस कारण परेशानी बनी हुई है। वहीं सेक्टर -19 अंडरपास में पानी भर गया है। इंडस्ट्री एसोसिएशन पंचकूला के महासचिव राकेश गर्ग ने बताया कि बारिश के बाद अभी तक हालात में सुधार नहीं है। सबसे ज्यादा रेवन्यू वाली जगह पर रोड, सीवर अभी तक ठीक नहीं कराए गए हैं। इस कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचकूला डीसी मोनिका गुप्ता ने बताया कि सभी जगह पर रोड गली साफ कराई जा रही है। इसके लिए विभागों के साथ मीटिंग की गई है। जल्द ही इस समस्या का निदान किया जाएगा।