चंडीगढ़। टोक्यो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाले पहलवान रवि दहिया के गांव नाहरी की अब तस्वीर बदलेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गांव में आदर्श संस्कृति मॉडल स्कूल खोलने, समेत स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सीएम ने खुद डीसी सोनीपत को फोन करके गांव से जल निकासी के तुरंत समाधान के आदेश दिए हैं।
रविवार को चंडीगढ़ में रवि के परिवार और गांव के लोग सीएम मनोहर लाल से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पर सीएम का आभार जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने एक मांग पत्र सौंपते हुए मुख्यमंत्री को गांव में आने का न्यौता दिया तो सीएम इसे स्वीकार कर लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र के मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने को कहा। मनोहर लाल ने पहलवान के माता-पिता को बधाई देते हुए कहा कि रवि हमारे प्रदेश ही देश का गौरव है। इस अवसर पर रवि दहिया के पिता राकेश, चाचा मुकेश दहिया, पूर्व सरपंच सहित परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे।
बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया पर गांव में पानी भराव की तस्वीरें वायरल की जा रही थीं। इसको लेकर लोगों ने जिला प्रशासन पर भी सवाल उठाए थे।