पंचकूला। सेक्टर-6 में बने अवैध निर्माण को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की टीम ने गिरा दिया। विभागीय टीम ने यह कार्रवाई संपदा अधिकारी राकेश संधू के आदेश पर की। टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने अवैध रूप से सरकारी जमीन पर मकान बनाकर कब्जा कर रखा था। उन्हें कई बार जमीन को खाली करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन किसी भी व्यक्ति ने नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया।
इसके बाद नोटिस का समय पूरा होने के बाद सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें पुलिस वालों ने आगे नहीं बढ़ने दिया। इतना ही नहीं पुलिस वालों ने चेतावनी दी कि यदि किसी ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की तो उसके खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। जिसके चलते लोग पीछे हट गए।