पंचकूला। चंडीमंदिर लाइटों से यूटर्न लेते समय अनियंत्रित ट्रक ने एक ऑटो और युवक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद युवक बुरी तरह से घायल हो गया। घायल हालत में उसे सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रविंदर पाल के रूप में हुई है। चंडीमंदिर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में राकेश कुमार ने बताया कि वह 4 दिसंबर की सुबह 5 बजे अमरावती टोल प्लाजा से चंडीमंदिर लाइटों तक सैर करने के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि वे चंडीमंदिर लाइटों से थोड़ा पहले पेट्रोल पंप के पास पहुंचे थे। इसी समय पिंजौर से चंडीमंदिर लाइटों की तरफ एक ट्रक तेजी से आया। उसने चंडीमंदिर लाइटों से एकदम यूटर्न लिया।
इस दौरान लाइटों के पास साइड में खड़े ऑटो के पीछे टक्कर मार दी। इसके अलावा पास में खड़े युवक रविंदर पाल को भी ट्रक ने चपेट में ले लिया। इसके बाद ड्राइवर ट्रक को पिंजौर की तरफ लेकर भाग गया। पुलिस ने बताया कि रविंदर पाल गंगानगर का रहने वाला था। उसकी बहन अमरावती में रहती है। वह उनके पास आ रहा था। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।