पिंजौर। नवंबर में सड़क दुर्घटना के दर्ज मामले में अस्पताल में उपचाराधीन युवक के परिजनों ने साजिश के तहत जानलेवा हमला करने की आशंका जताते हुए मामले में पिंजौर पुलिस से जांच करने की गुहार लगाई है। बता दें कि शिकायतकर्ता मोहित निवासी धर्मपुर कॉलोनी ने शिकायत में बताया कि 26 नवंबर की रात करीब साढ़े 11 बजे वह और उसका दोस्त चेतन शर्मा अमर पैलेस घाटीवाला पिंजौर से खाना खाकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंचकूला की ओर जाने के लिए पहुंचे। इस दौरान तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार करते चेतन को सीधी टक्कर मार दी।
घटना में चेतन को गंभीर चोटें आईं। शिकायतकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया। वहीं, दूसरी ओर चेतन के पिता मोहनलाल शर्मा ने बताया कि उसका बेटा अभी पीजीआई में कोमा में है। मोहनलाल ने आशंका जताते हुए कहा कि उसके बेटे पर साजिश हमला कर घायल किया। उसके बेटे चेतन के सिर, मुंह पर आई चोटें देखकर लगता है कि उसके सिर पर किसी नुकीली चीज से जानलेवा हमला किया गया है। इसके बेटे के मुंह पर पंच मारकर उसे किसी गाड़ी के आगे धक्का दिया गया। पिंजौर थाना प्रभारी ने बताया कि अगर घायल के परिजन उनके पास शिकायत लेकर कर आएंगे तो इस मामले की वे जांच करेंगे।