एक युवक कानों में हेडफोन लगाकर म्यूजिक सुनते हुए रेलवे ट्रैक पार कर रहा था कि ट्रेन आ गई और उसकी जिंदगी खत्म हो गई। हादसा जीरकपुर में बलटाना स्थित हरमिलाप नगर रेलवे फाटक पर हुआ। युवक ने कान में हेडफोन लगा रखा था, जिसकी वजह से उसे ट्रेन आने की आवाज सुनाई नहीं दी। जब युवक वहां पहुंचा तो फाटक बंद था।
लाउड म्यूजिक सुनते हुए वह तेजी से गुजर रहा था कि अचानक पैसेंजर ट्रेन आ गई और महज पांच सेकेंड में ट्रेन की चपेट में आ गया। देखते ही देखते उसके सिर के चिथड़े उड़ गए। उसका पूरा सिर खोखला हो गया। पैर के मांस के लोथड़े इधर-उधर फैल गए। मृतक की पहचान अजय बजाज के रूप में हुई है।
मृतक की उम्र करीब 24 से 25 साल बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा इतना अचानक हुआ कि रेलवे फाटक पर खड़े लोग भी उसे रोकने के लिए आगे नहीं आ सके। पैसेंजर ट्रेन अंबाला की ओर से आ रही थी, तभी चंडीगढ़ की तरफ से दौड़ते हुए युवक ने रेलवे लाइन क्रॉस करना चाहा और ट्रेन की चपेट में आ गया।
मृतक के पास से मिला हवाई टिकट
मृतक के पास से हवाई टिकट मिला है। यह टिकट चंडीगढ़ से अहमदाबाद का है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड मिला है। पुलिस ने सामान को अपने कब्जे में लिया है। पुलिस ने युवक के शव को अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है।