पंचकूला। सेक्टर-17 निवासी एक डॉक्टर की घरेलू नौकरानी ने उनके घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना का पता उस समय लगा जब डॉक्टर के पारिवारिक सदस्य सुबह करीब आठ बजे नौकरानी को उसके कमरे में नींद से जगाने गए। उस समय युवती को पंखे पर बंधी चुन्नी से फंदे पर लटका पाया। इसके बाद उनकी चीख पुकार सुनकर घर पर मौजूद सभी पारिवारिक सदस्य मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतका की पहचान मूल रूप से झारखंड निवासी एवं दस महीने से उक्त सेक्टर निवासी डॉक्टर के घर बतौर घरेलू नौकरानी का काम कर रही इगनेशिया मिज 22 के रूप में हुई है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। साथ ही फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स से भी घटनास्थल का मुआयना करवाया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाकर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मृतका के कपड़ों या मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।