पंचकूला। सेक्टर-12 निवासी एक व्यक्ति शनिवार की शाम अलाव पर हाथ सेकते समय आग की चपेट में आ गया। इससे उसका हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गया। जानकारी के अनुसार बच्चे ने अलाव में स्पिरिट (केमिकल) डाल दिया। इससे आग की लपटें अचानक भभक गई और व्यक्ति का चेहरा और हाथ झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत सिविल अस्पताल-6 पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर घायल का इलाज किया। घायल व्यक्ति की पहचान सेक्टर-12 निवासी तोता राम के रूप में हुई है।