चंडीगढ़। नामांकन भरने की प्रक्रिया के चौथे दिन शुक्रवार को अक्षय तृतीय के अवसर पर कई दिग्गज मैदान में शक्ति प्रदर्शन करते दिखे। इन दिग्गज नेताओं ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपने कार्यकर्ताओं और पार्टी के अन्य सीनियर लीडरों के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया।
कांग्रेस के जालंधर से प्रत्याशी चरणजीत सिंह चन्नी, भाजपा से सुशील रिंकू, लुधियाना से भाजपा प्रत्याशी रवनीत सिंह बिट्टू के साथ गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी, गुरदासपुर से भाजपा उम्मीदवार दिनेश सिंह बब्बू उनके साथ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पंजाब के पूर्व प्रमुख और पठानकोट के विधायक अश्विनी शर्मा और बीजेपी नेता फतेहजंग सिंह बाजवा भी मौजूद थे।
होशियारपुर से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार डॉ. राजकुमार चब्बेवाल, भाजपा के तरणजीत सिंह संधू ने अमृतसर में विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ रोड शो निकालने के बाद नामांकन दाखिल किया। इसी तरह सुखजिंदर रंधावा, गुरमीत सिंह खुड्डियां और मोहिंदर सिंह केपी जैसे कई दिग्गज नेताओं ने अपना नामांकन भरा। नामांकन प्रकिया के चौथे दिन 82 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 11 और 12 मई को गजटेड छुट्टियां होने के कारण नामांकन-पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। सीईओ ने बताया कि 7 से 10 मई तक पंजाब में 143 उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
इन संसदीय सीटों पर नेताओं ने भरा नामांकन
पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने बताया कि गुरदासपुर से 9 उम्मीदवारों ने नामांकन-पत्र दाखिल किए। इनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा, भाजपा के दिनेश सिंह के नाम शामिल हैं। अमृतसर से 6 उम्मीदवारों ने जिनमें भारतीय जनता पार्टी के तरनजीत सिंह संधू और शिरोमणि अकाली दल के अनिल जोशी प्रमुख नाम शामिल हैं। खडूर साहिब से 3 उम्मीदवारों ने जिनमें भाजपा से मनजीत सिंह और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से गुरदयाल सिंह के नाम शामिल हैं।
जालंधर से 6 उम्मीदवारों ने जिनमें भाजपा के सुशील कुमार, शिरोमणि अकाली दल से मोहिंदर सिंह केपी, इंडियन नेशनल कांग्रेस से चरनजीत सिंह चन्नी और बहुजन समाज पार्टी की तरफ से बलविंदर कुमार का नाम शामिल हैं। होशियारपुर से 5 उम्मीदवारों ने जिनमें इंडियन नेशनल कांग्रेस की तरफ से यामिनी गोमर और आम आदमी पार्टी की तरफ से राज कुमार ने नामांकन दाखिल किया।
आनंदपुर साहिब से 7 उम्मीदवारों ने जिनमें प्रमुख रूप से शिअद से प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा और आम आदमी पार्टी की तरफ से मलविंदर सिंह कंग ने, लुधियाना से 12 उम्मीदवारों ने जिनमें भाजपा से रवनीत सिंह बिट्टू, बसपा से दविंदर सिंह, फतेहगढ़ साहिब से 6 उम्मीदवारों ने जिनमें आप से गुरप्रीत सिंह ने, फरीदकोट से 8 उम्मीदवारों ने जिनमें शिअद से राजविंदर सिंह रंधावा ने, बठिंडा से 7 उम्मीदवारों ने जिनमें आप से गुरमीत सिंह, कांग्रेग से जीतमहेन्दर सिंह और बसपा से निक्का सिंह ने नामांकन दाखिल किया। इसी तरह संगरूर से 4 उम्मीदवारों ने जिनमें बसपा से सुरिंदर कौर, पटियाला से 5 उम्मीदवारों ने जिनमें शिअद से एनके शर्मा और बसपा से जगजीत सिंह ने, फिरोजपुर से 4 उम्मीदवारों ने जिनमें शिअद से नरदेव सिंह ने नामांकन दाखिल किया।