सभी केंद्र फोटो समते
चंडीगढ़ की बेटी प्रीति बनी ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई की पहली महिला लेफ्टिनेंट
सबहेड
सोर्ड ऑफ ऑनर सम्मान से नवाजा गया, 259 अधिकारियों को पछाड़कर हासिल की उपलब्धि
कहा-पापा को देखकर बचपन से ही जाना चाहती थी आर्मी में, सपना हुआ पूरा
रूबी सिंह
चंडीगढ़।
सिटी ब्यूटीफुल की बेस्ट एनसीसी एयर विंग कैडर रहीं प्रीति चौधरी ने शनिवार को ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी चेन्नई में एक और उपलब्धि हासिल कर शहर का मान बढ़ा दिया। सोर्ड ऑफ ऑनर सम्मान प्राप्त कर प्रीति अकादमी की पहली महिला लेफ्टिनेंट बनने के साथ वह एनसीसी एयर विंग कैडर से बनने वाली चंडीगढ़ की पहली महिला लेफ्टिनेंट बन गई हैं। इस सफलता के बाद प्रीति ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा कि यह अचीवमेंट उनके लिए एक सपने जैसा है। वह इस खुशी को शब्दों से बयां नहीं कर सकती हैं। उन्होंने जीसीजी कालेज सेक्टर-11 से अपनी पढ़ाई की है। उनका परिवार जीरकपुर में रहता है।
चंडीगढ़ एनसीसी एयर विंग कमांडर एमएस पांड्या ने बताया कि प्रीति उनकी शिष्य रही हैं। वह हमेशा से ही बेस्ट कैडर रहीं। लड़की होने के बावजूद वह कभी भी सख्त से सख्त ट्रेनिंग में हारी नहीं। इसी कड़ी मेहनत के दम पर ही उन्होंने यह खिताब प्राप्त किया है। 2016 बैच की ऑफिसर प्रीति ने इस ट्रेनिंग में कुल 259 अधिकारियों में से पहली महिला लेफ्टिनेंट का खिताब प्राप्त किया। इसमें 41 महिला आफिसर थीं, जबकि बाकी पुरुष ऑफिसर, लेकिन प्रीति ने पहला रैंक हासिल कर चंडीगढ़ का नाम रोशन किया।
बचपन से देख रही थी यह सपना: प्रीति
अमर उजाला से फोन पर बातचीत के दौरान लेफ्टिनेंट प्रीति चौधरी ने बताया कि वह बचपन से ही लेफ्टिनेंट बनने का सपना देख रही थीं, जो आज पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि वे उनके पिता भी आर्मी ऑफिसर हैं, उनकी यूनिफार्म को देखकर वह भी उनकी तरह आर्मी को ज्वाइन करनी चाहती थीं। इसी मकसद से उन्होंने जीसीसी सेक्टर-11 में एडमिशन ली ताकि वे यहां एनसीसी को ज्वाइन कर सकें।
चंडीगढ़ का कर चुकीं हैं राजपथ परेड में नेतृत्व
इससे पहले प्रीति 2016 में राजपथ, नई दिल्ली में रिपब्लिक डे परेड में चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा की ओर से एनसीसी का नेतृत्व कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे हमेशा अपनी मेहनत पर भरोसा रखती हैं, इसलिए जो युवा जो आर्मी या एनसीसी में अपना कैरियर बनना चाहते हैं, वे बस अपनी मेहनत पर भरोसा रखते हुए आगे चलते रहें।