पीयू के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक के बाहर ट्रांसफार्मर रूम में आग
चार घंटे गुल रही बिजली, आग लगते ही एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक के कर्मचारी बाहर भागे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पंजाब यूनिवर्सिटी के एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक के पिछले गेट के सामने मुख्य ट्रांसफार्मर रूम में आग लग गई। इस कारण पीयू में चार घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली रिपेयर होने के बाद फिर से बिजली व्यवस्था रात आठ बजे के बाद बहाल हुई।
सोमवार को शार्ट सर्किट के कारण मुख्य ट्रांसफार्मर रूम में आग लग गई। मौके पर आठ सिक्योरिटी गार्ड मौजूद थे। उन्होंने आग बुझाने का काम शुरू कर दिया। इसी बीच फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दस मिनट के बाद फायरब्रिगेड पहुंचने से पहले कर्मियों ने स्वयं ही आग पर काबू पा लिया। गनीमत यह रही कि कोई हादसे का शिकार नहीं हुआ। इस ट्रांसफार्मर रूम में 11 हजार वोल्ट के तार खुले में पड़े हैं।
आग लगने के बाद इलेक्ट्रिसिटी रूम में धुआं ही धुआं हो गया। कमरे में कुछ देर तक दिखना बंद हो गया था। आग लगने के बाद पीयू सिक्योरिटी ने तीन बजकर 52 मिनट पर फायर ब्रिगेड को कॉल की। इसके बाद तीन बजकर 55 मिनट पर पुलिस विभाग को कॉल की गई। आग के बाद एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाक में काम करने वाले कर्मचारी बिल्डिंग के बाहर भाग गए।
पीयू में 14 मई को प्रशासनिक भवन में आग लग गई थी। इस कारण मुख्य दस्तावेज जल गए। इसे अभी तक ठीक नहीं किया गया है।