26 पार्किंगों में 19 जून से चार्ज होगा पार्किंग शुल्क
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
शहरवासियों से 19 जून से पार्किंग शुल्क चार्ज होेगा। निगम ने जिस आर्य इंफ्रा कंपनी को शहर की 26 पार्किंग और एक मल्टीलेवल पार्किंग चलाने का टेंडर अलॉट किया है, वह 19 जून से पार्किंग की जिम्मेदारी संभाल लेगी। पार्किंगों को चलाने के लिए निगम ने 250 महिला और 150 पुरुष कर्मचारियों की भर्ती कर ली है, जिन्हेें कंपनी की ओर से ट्रेनिंग दी जा रही है। महिलाओं को बताया जा रहा है कि अगर कोई बहस करता है तो उससे किस तरह निपटा जाएगा। 19 जून को कब्जा लेने के बाद कंपनी के पास एक शहर की पार्किंगों को स्मार्ट करने का एक माह का समय है।
पार्किंग स्मार्ट करने के 3 माह बाद लागू होंगे नए रेट
इस समय शहर की 23 से ज्यादा पेड पार्किंग खाली हैं, जहां पर इस समय लोग निशुल्क वाहन पार्क कर रहे हैं। अभी पुराना रेट ही चार्ज किया जाएगा, जबकि जो निगम ने रेट बढ़ाने का फैसला लिया है वह पार्किंग स्मार्ट बनने के तीन माह बाद लागू होगा। कंपनी को सभी पार्किंगों को स्मार्ट बनाने के लिए एक माह का समय दिया गया है। निगम ने दो माह पहले जहां पर पार्किंग के रेट दोगुने कर दिए हैं वहीं 4 घंटे बाद हर घंटे के हिसाब से पार्किंग शुल्क वसूल किया जाएगा, लेकिन अभी 19 जून से पहले की तरह दोपहिया वाहन से दो और कार चालक से 5 रुपये शुल्क ही वसूला जाएगा।
एक साल से खाली थीं कई पार्किंग
इस समय शहर की डेढ़ दर्जन से ज्यादा पार्किंग ऐसी थीं जो एक साल से खाली थीं। मालूम हो कि आर्य इंफ्रा कंपनी ने 14 करोड़ 76 लाख रुपये में पार्किंगों को चलाने का टेंडर लिया है। पहली बार निगम को पेड पार्किंगों की नीलामी से इतनी कमाई हुई है। जबकि निगम ने शहर की पार्किंगों के टेंडर का रिजर्व प्राइस 4 करोड़ तय किया था।
ई-टिकट मशीन भी होगी
19 से जो कर्मचारी शुल्क वसूल करेंगे, उनके पास ई टिकट मशीन भी होगी। जबकि सिक्योरिटी बूथ भी प्रवेश और निकासी द्वार पर ही रखे जाएंगे। कंपनी ने यह निर्णय लिया है कि महिलाओं को उनके घर के सबसे नजदीक वाली पार्किंग में ही लगाया जाएगा।
250 महिलाएं और 150 पुरुष कर्मचारी संभालेंगे पार्किंग की कमान
पार्किंगों को स्मार्ट करने के लिए एक माह का समय