पंचकूला। कोरोना संक्रमण के जिले में शनिवार को 40 नए मामले आए हैं। इसमें 34 मामले पंचकूला के हैं। छह मरीज बाहरी जिलों और प्रदेशों के हैं। जिले में अब 190 सक्रिय मरीज हैं। दो मरीज अस्पताल में भर्ती है। सीएमओ मुक्ता कुमार ने बताया कि 188 मरीज अपने घर पर ही स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से शनिवार को 455 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी।
कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 45167 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 44562 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से 415 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 633658 लोगों के सैंपल जांचे हैं।
पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का लोग पालन करें। वैक्सीनेशन इंचार्ज मीनू सासन ने बताया कि 12 से 14 साल के 82.8 फीसदी बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं 15 से 17 साल के बच्चों का 88.5 फीसदी टीकाकरण किया गया है।