पंचकूला। सेक्टर-21 निवासी एक बुजुर्ग से पेटीएम खाते की केवाईसी अपडेट करने के नाम पर पूरी जानकारी लेकर उनके साथ 4.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। बुजुर्ग की शिकायत पर सेक्टर-पांच थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नरेश चंद जैन ने बताया कि उन्होंने पेटीएम पर खाता खुलवाया हुआ है। इसमें पांच लाख रुपये का फिक्स डिपोजिट करवाया था। 29 अप्रैल की दोपहर एक बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि पेटीएम बैंक खाता बंद नहीं हो जाए इसके लिए केवाईसी करवाएं और केवाईसी करवाने के लिए मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करें। मैसेज आने के कुछ सेकंड बाद ही एक अज्ञात नंबर से युवक ने कॉल करके खुद को पेटीएम का कर्मचारी बताते हुए लिंक पर क्लिक करने को कहा। ऐसा नहीं करने पर पेटीएम बैंक खाता बंद हो जाने की बात भी कही। इसके बाद झांसे में आकर बुजुर्ग ने लिंक पर क्लिक कर दिया और उक्त अज्ञात युवक से मोबाइल पर आए ओटीपी भी शेयर कर लिया। इसके बाद आरोपी ने पेटीएम बैंक खाते से 11 ट्रांजेक्शन में 11 अलग-अलग बैंक खाते में 4.25 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। बुजुर्ग ने अपने बताया कि उन्होंने अपने निजी खर्चे कम करके यह पैसा जमा किया था। बैंक खाते से पैसा निकलते ही वह पुलिस के पास पहुंचे और मामले की शिकायत दी। बुजुर्ग ने बताया कि जैसे ही उनके पेटीएम बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज आया तो उन्होंने तुरंत फिक्स डिपोजिट में बचे 75 हजार रुपये अपने दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए।
आरोपी ने 90 हजार में सोने की ज्वेलरी का गिफ्ट खरीदा
पुलिस के साइबर सेल की ओर से अब तक की गई जांच में सामने आया है कि साइबर फ्रॉड से निकाले गए 4.25 लाख रुपये में से आरोपी ने 90 हजार रुपये का कल्याण ज्वेलर्स से एक ज्वेलरी गिफ्ट खरीदा है। इसके बाद दुबई के दो बैंक खातों में 25-25 हजार रुपये ट्रांसफर किए हैं। आरोपी के दो बैंक खातों में 14971 रुपये और 9 हजार रुपये बैलेंस पड़ा हुआ था तो साइबर सेल की ओर से बैंक अधिकारियों को कहकर यह रकम होल्ड करवा ली गई है।