पदोन्नति के साथ बढ़ी जिम्मेदारी, अधिकारियों ने ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता से ड्यूटी निभाने का दिया संदेश
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला पुलिस के 30 हवलदारों को सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) पद पर पदोन्नति मिली। बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों के कंधों पर स्टार लगाए और उन्हें शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं और पुलिसकर्मियों से आमजन की सुरक्षा, सेवा तथा अपराध नियंत्रण में बेहतर भूमिका की अपेक्षा है।
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि पदोन्नति कर्मचारियों की मेहनत और सेवाओं की पहचान है। उन्होंने नए एएसआई को पद की गरिमा बनाए रखते हुए ईमानदारी, अनुशासन और पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आमजन के साथ पुलिसकर्मियों का व्यवहार और कार्यशैली विभाग की छवि को प्रभावित करती है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता और तत्परता से समाधान करने के लिए प्रेरित किया। वहीं डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने कहा कि नई जिम्मेदारी के साथ बेहतर कार्य और नेतृत्व की अपेक्षा रहती है। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में प्रभावी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
ये 30 हवलदार बने एएसआई
पदोन्नत पुलिसकर्मियों में सुरजीत सिंह, धनी राम, सोहन लाल, विजय कुमार, अजय कुमार, प्रदीप कुमार, नरेंद्र कुमार, हरदीप, सत्यवान सिंह, सुनील दीक्षित, दिनेश, सतीश कुमार, पवन कुमार, डिम्पल कुमार, चरण सिंह, अमित कुमार, दिनेश कुमार, राम निवास, नरेश कुमार, कश्मीर सिंह, विकास आनंद, रामचंद्र, पवनेश कुमार, अनिल कुमार, प्रवीन कुमार, ज्वाला सिंह, नरेश कुमार, लीला राम, गुरविंदर सिंह और सैयद खान शामिल हैं।