पंचकूला। जिले में मंगलवार को कोरोना के 43 नए मामले सामने आए हैं। इसमें पंचकूला से 42 और एक मरीज दूसरे जिले से है। जिले में अब 168 कोरोना के सक्रिय मरीज हैं। इनमें से 165 मरीज अपने घरों में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, जबकि तीन की हालत गंभीर होने के चलते अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ मंगलवार को 27 लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए।
जिले में संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला लगातार जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 526 सैंपल एकत्रित कर जांच के लिए लैब भेजा। इसकी रिपोर्ट बुधवार को आएगी। पंचकूला सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि कोरोना से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही टीका लगवाने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजीव नरवाल ने बताया कि अब तक जिले में 45279 लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं।
इनमें से 44696 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। 415 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक स्वास्थ्य विभाग ने 634729 लोगों के सैंपल जांचे हैं। पंचकूला सीएमओ मुक्ता कुमार ने लोगों से अपील कर कहा है कि कोरोना से बचाव के सभी जरूरी नियमों का पालन करें। अगर किसी को खांसी, जुकाम हो तो लोग अस्पताल के कोविड वार्ड में जाकर टेस्ट करवा सकते हैं। इसके अलावा लोग अपने बचाव के लिए मास्क और सामाजिक दूरी का पालन करें।