चंडीगढ़। ‘म्हारा गांव-जगमग गांव’ योजना के तहत स्वतंत्रता दिवस पर 78 और गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति होने लगेगी। इसके साथ ही हरियाणा के 5387 गांवों में यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।
ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव पीके दास ने बताया कि जिन 78 नए गांवों को जगमग गांव योजना में शामिल किया गया है, उनमें यूएचबीवीएन के 34 गांव शामिल हैं। इनमें सोनीपत जिले के नौ, पानीपत के 12, रोहतक के छह, झज्जर के छह और कैथल जिले का एक गांव शामिल है। डीएचबीवीएन के 44 गांवों में चरखी दादरी के 18, भिवानी के 19 और हिसार के सात गांव शामिल हैं। अभी तक प्रदेश के 5309 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही थी।
वर्तमान में प्रदेश के 76 प्रतिशत से अधिक गांवों को पूरी तरह जगमग किया जा चुका है और 10 जिले संपूर्ण जगमग हो चुके हैं। इनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, रेवाड़ी और फतेहाबाद शामिल हैं। यहां 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि म्हारा गांव-जगमग गांव योजना की शुरुआत 1 जुलाई, 2015 को कुरुक्षेत्र जिले के दयालपुर गांव से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने की थी। योजना के तहत ग्रामीणों से बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने, बिजली चोरी रोकने के बारे में आग्रह किया जाता है। जिन ग्रामीण फीडरों का लाइन लॉस कम होता है, उन गांवों को चिह्नित कर 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाती है। शेष गांवों को भी योजना में जल्दी शामिल कर संपूर्ण प्रदेश को जगमग किया जाएगा।