हल्लोमाजरा के मेडिकल कैंप में तीन कुष्ठ रोगी मिले
चंडीगढ़। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देश पर चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग की ओर से हल्लोमाजरा की सिविल डिस्पेंसरी में मुफ्त हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में करीब 1035 मरीज पहुंचे। इस दौरान मरीजों को मुफ्त में दवाइयां दी गई। कैंप का उद्घाटन पर्यावरण डिपार्टमेंट के डायरेक्टर व आईएफएस देबेंद्र दलाई ने किया।
इस मौके पर चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डा. जी दीवान और अन्य सीनियर डाक्टर मौजूद रहे। कैंप के दौरान मेडिसिन, स्किन, ईएनटी, आई, पीडियाट्रिक्स, गाइनेकोलॉजी सहित आयुर्वेदिक व होम्योपैथिक के डाक्टर मौजूद रहे। इस दौरान कुष्ठ रोग के तीन केस मिले। कैंप में नगर निगम के 40 से 50 कर्मचारी भी शामिल हुए। इसमें 100 से ज्यादा बच्चों की जांच की गई। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया था कि नाले के किनारे स्थित इलाकों में हेल्थ चेकअप कैंप लगाएं। पहली कड़ी में हल्लोमाजरा की डिस्पेंसरी में मुफ्त चेकअप कैंप लगाया गया।