विश्व रिपोर्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर आने की कवायद शुरू
- पीयू ओवरआल रैंकिंग में आना चाहता है पहले स्थान पर
- पछाड़ना चाहता है इंस्टीट्यूट को, आठ बिंदुओं पर काम शुरू
- इस बार विश्वविद्यालयों की रैंकिंग में पीयू को मिला पहला और ओवरआल में तीसरा स्थान मिला
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। अमेरिकी समाचार और विश्व रिपोर्ट रैंकिंग 2020 में पीयू ओवरआल रैंकिंग में पहले स्थान पर आना चाहता है। इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। आठ बिंदुओं पर काम चल रहा है। वहीं बेस्ट ग्लोबल यूनिवर्सिटी की सूची में भी पीयू 551वें स्थान से निकलकर अंडर 500 में आना चाहता है।
अमेरिकी समाचार और विश्व रिपोर्ट रैंकिंग 2019 के लिए 1250 विश्वविद्यालय व इंस्टीट्यूट्स की रैंकिंग की गई थी। इसमें पीयू को ओवरआल रैंक में तीसरा व यूनिवर्सिटी रैंकिंग में पहला स्थान मिला था। कुल अंक 44.5 मिले थे। इसके अलावा भौतिकी विभाग को भी भारत में पहला स्थान मिला था। इस रैंकिंग में पीयू को हर साल बढ़त मिल रही है। रैंक में सुधार होने से अब पीयू का और मनोबल बढ़ा है। पीयू की टीम ने 15 बिंदुओं पर काम करना शुरू कर दिया है। इसमें क्षेत्रीय अनुसंधान, प्रकाशन, किताब प्रकाशन, प्रतिष्ठा, सम्मेलन, सामान्य प्रभाव, उत्कृष्ट कार्य, अंतरराष्ट्रीय मेलमिलाप आदि हैं। बताया जाता है कि इन बिंदुओं में जो भी कमियां होंगी उन्हें दो से तीन माह में ठीक कर लिया जाएगा। इसके अलावा पीयू के एमबीए को वर्ल्ड रैंकिंग में बेहतर करने के भी प्रयास शुरू किए गए हैं। रिसर्च बिंदु को इसमें अतिरिक्त जोड़ा जा रहा है। पिछले साल पीयू को एमबीए में पूरे विश्व में 15 वां स्थान मिला था। अब टॉप टेन में आने की तैयारी की जा रही है।