कई विधायकों को आईं चोटें, दो अस्पताल में दाखिल
सदन के बाहर भी आप विधायकों ने किया हंगामा, तबीयत बिगड़ने पर कई हुए बेहोश
खास बातें -
विधानसभा डिस्पेंसरी में जांच के बाद दो को सेक्टर-16 अस्पताल भेजा
सदन में गिरी पगड़ी बिलासपुर को देने आप नेताओं के साथ अस्पताल गए सुखबीर-मजीठिया
पूर्व सीएम बादल ने भी पहुंच कर पूछा हाल-चाल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
मार्शल की कार्रवाई के दौरान आप के कई विधायकों को चोटें आईं, दो को सेक्टर-16 के अस्पताल में दाखिल कराया गया। सदन के बाहर भी आप नेताओं ने काफी हंगामा किया, जिनकी तबीयत बिगड़ी वे वहीं लेट गए। सदन में जिस आप नेता की पगड़ी गिरी थी, उसे देने के लिए सुखबीर बादल और बिक्रम मजीठिया, आप नेताओं के साथ अस्पताल गए। बाद में पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने भी अस्पताल पहुंच कर दोनों का हालचाल पूछा।
सदन से बाहर निकाले जाने के बाद कई आप विधायक जमीन पर लेट व बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मार्शल ने उनके साथ मारपीट की, लातों से मारा है। महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। गर्मी से विधायकों की हालत और खराब हो गई। काफी देर बाद एक डॉक्टर देखने आया। फिर डिप्टी लीडर सरबजीत कौर माणुके और मनजीत सिंह बिलासपुर को स्ट्रेचर से डिस्पेंसरी लाया गया, फिर अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनके अलावा जयकिशन रोडी, बलजिंदर कौर और रूपिंदर रूबी को भी चोटें आईं। आप नेताओं ने कहा कि माणुके का चुनाव के दौरान एक्सिडेंट हुआ था, उनके बाजू में लगी चोट की रिकवरी अभी नहीं हुई थी। मार्शल की जोर जबरदस्ती के चलते बाजू में असहनीय दर्द होने लगा। जिसके चलते वह बेहोश लेटी रहीं। उनका आरोप था कि माणुके के कपड़े भी फट गए। बिलासपुर को भी लातें मारी गईं, वह भी दर्द के मारे बेहोशी की हालत में थे। बिलासपुर की सदन में गिरी पगड़ी को मजीठिया ने संभाला था। सुखबीर और मजीठिया ने आप नेताओं के साथ अस्पताल जाकर वह पगड़ी बिलासपुर को सौंपी। उनका हालचाल पूछा और हर तरह का नैतिक समर्थन दिया। वहीं, कुछ ही देर बाद पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल भी अस्पताल पहुंचे और दोनों विधायकों का हालचाल पूछा। बादल करीब पांच मिनट तक अस्पताल में रहे।