संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। जिले में बाढ़ से सीमावर्ती क्षेत्र के 175 सरकारी स्कूलों की इमारतों और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है। कई स्कूलों की दीवारें गिरने से अंदर पड़ा सारा सामान खराब हो गया।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश शर्मा और एलिमेंट्री शिक्षा अधिकारी कंवलजीत सिंह तहसील अजनाला के अंतर्गत ब्लॉक अजनाला-2, चोगावां-2 के सरकारी स्कूलों में पहुंचे। उन्होंने बताया कि नुकसान संबंधी रिपोर्ट हेडऑफिस के उच्चाधिकारियों को भेजी है। अब तक लोपोके, अजनाला, रमदास क्षेत्रों के 135 सरकारी एलिमेंट्री स्कूलों में 29 करोड़ 17 लाख रुपये, 40 के करीब मिडल, हाई और सीनियर सेकंडरी स्कूलों में लगभग 25 करोड़ से ज्यादा का नुकसान होने का अनुमान है। डीईओ राजेश शर्मा ने कहा कि जिले के सरकारी स्कूलों के सही नुकसान का अनुमान आने वाले दिनों में जलस्तर कम होने पर लगेगा। नुकसान की रिपोर्ट डीसी साक्षी साहनी को भी भेजी है ताकि हालात सही होने के तुरंत बाद नवीनीकरण का काम करवाया जा सके।